जौनपुर महोत्सव में सीएम धामी की सौगात, 52 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 52 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22 करोड़ रुपये की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने समेत कई विकास कार्यों की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है। वर्ष 2016 में शुरू हुए इस महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत करने के साथ ही क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 13 हजार एकड़ भूमि को मुक्त कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने टिहरी क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। तिवाड़ गांव को होम स्टे गांव के रूप में विकसित किया गया है। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए एक जिला-एक उत्पाद और हिमालय हाट जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयोगों की भी सराहना की। कहा कि सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, आलू, फूलों और रोजमैरी की खेती के माध्यम से वह स्वरोजगार और आधुनिक कृषि को बढ़ावा दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने धनोल्टी क्षेत्र में धनोल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। इसके अलावा पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 2.73 करोड़ रुपये और भवान बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा भी की। क्षेत्र की अन्य सड़क निर्माण और डामरीकरण संबंधी मांगों पर भी विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत का अनुवाद करने वाले पापरा गांव निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से नवाजा गया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।

जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें रखते हुए नागटिब्बा के लिए सात किलोमीटर मोटर मार्ग, थत्यूड़ बाईपास और नागराजाधार मोटर मार्ग के निर्माण का अनुरोध किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

About