मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण सभागार में पहली बार आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में पूर्व अग्निवीरों की भर्ती, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, बाढ़ क्षेत्र नियमन, प्रशासनिक सुधार, किफायती आवास और बाल वीरता पुरस्कार योजना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती के संबंध में नई नियमावली को मंजूरी दी। इसके साथ ही उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली, 2026 और मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर करना है। सरकार की प्राथमिकता शासन व्यवस्था को जनता के करीब लाना और जनहित से जुड़े विषयों पर प्रभावी निर्णय लेना है।
प्राच्य शोध संस्थान के विकास को मंजूरी
कैबिनेट ने हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी। संस्थान के माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और अन्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
इसके अलावा उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास से संबंधित अधिनियम की अनुसूची में संशोधन को मंजूरी दी गई। द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक, 2026 और उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की स्वीकृति भी दी गई।
मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली, 2026 को मंजूरी दी। साथ ही उत्तराखंड की पंचम विधानसभा का वर्ष 2026 का तृतीय सत्र आहूत करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
संस्कृति विभाग में वित्तीय अधिकारों से संबंधित व्यवस्था में संशोधन और स्वजल तथा राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की निरंतरता को मंजूरी दी गई। हरिद्वार में किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की चौड़ाई के मामले में शिथिलता देने का निर्णय लिया गया। वहीं, ऊधम सिंह नगर में भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित शासनादेश में खसरा संख्या की त्रुटि सुधारने की स्वीकृति दी गई।
बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को भी मंजूरी दी। इसके अलावा राज्य के समग्र विकास में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया गया। राज्य की पर्वतीय, सीमावर्ती और सामरिक परिस्थितियों को देखते हुए भविष्य में भी विकास योजनाओं के लिए केंद्र से सहयोग की अपेक्षा जताई गई।
प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर गंगा आरती
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। साथ ही देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की गई।