झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर सुबोध उनियाल का राहुल गांधी पर हमला, बोले- कांग्रेस को छात्रों के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर सुबोध उनियाल का राहुल गांधी पर हमला, बोले- कांग्रेस को छात्रों के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। मंगलवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में उनियाल ने आरोप लगाया कि झारखंड में छात्रों ने शांतिपूर्ण आंदोलन किया, लेकिन उनके आंदोलन का दमन किया गया।

उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार है और वहां की स्थिति सभी के सामने है। उनियाल ने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस और राहुल गांधी वास्तव में छात्रों के हितों को लेकर गंभीर हैं तो झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान उनकी सक्रिय भूमिका क्यों दिखाई नहीं दी।

नीट का जिक्र कर राहुल गांधी पर साधा निशाना

सुबोध उनियाल ने नीट मामले का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद सरकार ने परीक्षा दोबारा कराई, शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया और नकलरोधी कानून बनाया गया। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी इसी तरह के मुद्दों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

उनियाल ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने झारखंड में प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष के पास इस संबंध में तथ्य हैं तो उन्हें चर्चा से पीछे नहीं हटना चाहिए।

‘देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास’

कैबिनेट मंत्री ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह देश में अस्थिरता का माहौल पैदा कर अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस पाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताया।

उनियाल ने कहा कि देश यह देख रहा है कि नेता प्रतिपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों पर किस तरह की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

‘दिल्ली का आंदोलन दिखा, झारखंड में क्यों नहीं?’

सुबोध उनियाल ने कहा कि दिल्ली में हुए आंदोलनों के बाद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया, नीट की परीक्षा दोबारा कराई गई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही नकल रोकने के लिए सख्त कानून भी बनाया गया।

 

उन्होंने सवाल किया कि यदि राहुल गांधी छात्रों के हितों को लेकर गंभीर हैं तो झारखंड में हुए छात्रों के प्रदर्शन पर उनकी सक्रियता क्यों दिखाई नहीं दे रही है।

 

उत्तराखंड के नकलरोधी कानून का भी किया जिक्र

उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड में नकलरोधी कानून लागू होने के बाद पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगी है। उन्होंने परीक्षा शुरू होने के बाद एक केंद्र से पेपर बाहर जाने की घटना को साजिश बताया और कहा कि मामले की जांच सीबीआई कर रही है।

‘झारखंड मामले पर राजनीति नहीं कर रहे’

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वह झारखंड के मामले पर राजनीति नहीं कर रहे हैं, बल्कि विपक्ष से सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो दृश्य दिल्ली में दिखाई दिए थे, वही झारखंड में क्यों नहीं दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छात्र और नौजवान देश का भविष्य हैं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।

About