Home राज्यछत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़-धान खरीदी का आंकड़ा 145 लाख मीट्रिक टन के पार, 29 हजार 599 करोड़ रूपए का किया भुगतान

छत्तीसगढ़-धान खरीदी का आंकड़ा 145 लाख मीट्रिक टन के पार, 29 हजार 599 करोड़ रूपए का किया भुगतान

by News Desk

रायपुर।

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी में पिछले साल का रिकार्ड टूट गया है। इस वर्ष आज दिनांक तक हुई धान खरीदी का आंकड़ा 145 लाख मीट्रिक टन से पार हो गया है। पिछले साल 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। 14 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी का सिलसिला जारी है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 25 लाख 13 हजार किसान धान बेच चुके हैं। धान खरीदी के एवज में बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत अभी तक किसानों को 29 हजार 599 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मीलिंग के लिए तेजी के साथ धान का उठाव किया जा रहा है। अभी तक 110 लाख मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी कर दिया गया है। जिसके विरूद्ध 87 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का उठाव हो चुका है। धान खरीदी  31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

धान विक्रय के लिये ऑनलाइन टोकन की सुविधा
प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय के लिये टोकन की सुविधा ऑनलाइन एप (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है।

27.78 लाख किसानों ने कराया पंजीयन
राज्य सरकार ने इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों की ओर से पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल हैं। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य की तहत 24 जनवरी को 30 हजार 762 किसानों से 1.41 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। इसके लिए 58 हजार 997 टोकन जारी हुए थे।

You may also like